Tuesday 27 December 2022

प्रदेश में जल्द शुरू होगा आयुष विश्वविद्यालय : राज्य मंत्री श्री कावरे

 

आयुष राज्य मंत्री आयुर्वेद संस्थान के रजत जयंती समारोह में हुए शामिल



आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रामकिशोर 'नानो' कावरे ने कहा है कि प्रदेश में आयुष के समग्र विकास के लिये जल्द ही आयुष विश्वविद्यालय शुरू होगा। इसके लिये तेजी से प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य मंत्री श्री कावरे मंगलवार को भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद संस्थान के रजत जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर राज्य मंत्री श्री कावरे ने महाविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।

राज्य मंत्री श्री कावरे ने कहा कि वे पिछले दिनों आयुष के विकास विजन-2047 की बैठकों में शामिल हुए थे। बैठक में विशेषज्ञों के महत्वपूर्ण सुझाव आये हैं। इस आधार पर मध्यप्रदेश में प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में आयुष के 1700 संस्थान हैं। इन्हें वर्ष 2047 तक बढ़ा कर 5 हजार तक पहुँचाया जायेगा। राज्य मंत्री श्री कावरे ने कहा कि प्रदेश में प्रयास किये जा रहे हैं कि आयुष संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी ऐसे हों, जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। आयुर्वेद की चर्चा करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में आयुर्वेद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के क्षेत्र में नये शोध और उनके प्रमाणीकरण की आवश्यकता है। इसके लिये राज्य सरकार द्वारा फॉर्मेसी के क्षेत्र में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन सचिव आरोग्य भारती डॉ. अशोक वाष्णेय ने कहा कि पं. खुशीलाल शर्मा संस्थान को देश के श्रेष्ठ आयुर्वेद संस्थानों में प्रमुख स्थान दिलाना है। इसके लिये शिक्षकों एवं छात्रों का सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने आयुर्वेद को और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिये प्रोजेक्ट पर भी ध्यान दिये जाने की बात कही। प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला ने कहा कि संस्थान में वर्तमान में 600 से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। आयुर्वेद चिकित्सालय 150 बिस्तर क्षमता का है। चिकित्सालय में प्रतिदिन औसतन 650 रोगियों का उपचार किया जाता है। उन्होंने संस्थान की विभिन्न फेकल्टी के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।

No comments:

Post a Comment

IFMIS MP Treasury Pay Slip 2023 Salary Slip Online Download Via IFMS Portal – मध्य प्रदेश ट्रेजरी पे-स्लिप या वेतन पर्ची डाउनलोड

  एमपी सरकार  द्वारा मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों की  सैलरी स्लिप/ट्रेजरी पे स्लिप/वेतन पर्ची  ऑनलाइन डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध करा...